Curry leaf: करी पत्ता बहुत ही जरूरी पौधों में से एक है और इसे कई घरों में लगाया जाता है। पर एक समस्या जो लोगों को महसूस होती है वो ये कि इस पौधे की मेंटेनेंस वो नहीं कर पाते हैं। गमले में लगे करी पत्ते के पौधे के साथ ऐसा बार-बार होता है कि या तो वो मर जाता है या फिर वो बढ़ नहीं पाता या फिर उसमें कीड़े लग जाते हैं।
हरा भरा करी पत्ते का पौधा देखने में तो बहुत अच्छा लगता है, लेकिन इसे ऐसा बनाना आसान नहीं होता। कई बार करी पत्ते के पौधे में कीड़े हमारी किसी गलती की वजह से ही लगते हैं। तो चलिए आज आपको करी पत्ते के पौधे के बारे में जानकारी देते हैं।
आखिर क्यों लग जाते हैं करी पत्ते के पौधे में कीड़े?
करी पत्ते के पौधे में कीड़े लगने के लिए कई कारण हो सकते हैं। इसके लिए काफी हद तक मेंटेनेंस की समस्या भी जिम्मेदार होती है।
- अगर आपके गार्डन में पहले से ही कीड़े हो रहे हैं तो करी पत्ते के पौधे में भी हो सकते हैं।
- अगर आप अपने करी पत्ते के पौधे में बहुत ज्यादा पानी रोजाना डाल रहे हैं तो इसमें कीड़े हो सकते हैं।
- अगर आपने समय-समय पर इस पौधे में दवा नहीं डाली है तो इसमें कीड़े हो सकते हैं।
- अगर इसे सही तरह से धूप नहीं मिलती और ये सीलनभरी जगह पर रखा हुआ है तो इसमें कीड़े हो सकते हैं।

आखिर क्यों मरने लगता है करी पत्ते का पौधा?
कीड़े क्यों होते हैं इसके बारे में तो हमने जान लिया, लेकिन आखिर ये मरने क्यों लगता है इसके भी कुछ कारण जान लेने चाहिए।
- आप जरूरत से ज्यादा खाद इसमें डाल रहे हैं तो ये पौधा 1 महीने के अंदर ही मर जाएगा। ऐसे में इसमें जरूरत से ज्यादा केमिकल्स हो जाएंगे जो सही नहीं हैं।
- अगर आपने बहुत ज्यादा पानी डाल दिया है तो इसकी जड़ें सड़ने लगेंगी। आपको इसकी मिट्टी नम जरूर रखनी है, लेकिन इसमें बहुत ज्यादा पानी नहीं देना है।
- अगर आपने इसे ठीक तरह से धूप नहीं दी है तो भी ये ना ही ग्रोथ करेगा और ना ही ये घना होगा। हो सकता है धूप की कमी से ये मर भी जाए।
- करी पत्ते के पौधे में अगर कीड़ों का ट्रीटमेंट नहीं किया गया तो भी ये मरने लगेगा।

कीड़ों को रोकने के लिए क्या करें?
अगर पौधे में बहुत ज्यादा कीड़े लग गए हैं तो इसे रोकने के लिए हम कुछ बेसिक स्टेप्स जरूर फॉलो कर सकते हैं।
- नीम का तेल पानी में मिलाकर इस्तेमाल करें और पौधे में स्प्रे करें। हालांकि, ये बड़े कीड़ों पर असर नहीं करता, लेकिन छोटे कीड़े इससे भाग जाएंगे।
- बड़े कीड़ों के लिए आप शैम्पू का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। पानी में शैंपू घोलकर पत्तियों में लगे कीड़ों पर तेज धार से छिड़कें। ध्यान रहे कि इसे जड़ों में नहीं डालना है बल्कि पत्तियों में ही डालना है।
- आप केमिकल कीटनाशक का इस्तेमाल भी कर सकते हैं, लेकिन ध्यान रखें कि ऐसे केस में आपको कम से कम दो दिन तक उसकी पत्तियों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
- अगर पौधे में बहुत ही ज्यादा कीड़े हो गए हैं तो इसकी छंटाई भी करें। पत्तियों को अलग कर दें और सिर्फ मेन ब्रांच रहने दें।
करी पत्ते के पौधे की ग्रोथ के लिए कुछ टिप्स
कीड़े कैसे मारने हैं और पौधे की समस्या को कैसे कम करना है ये तो हम आपको बता चुके हैं, लेकिन इसकी ग्रोथ के लिए क्या टिप्स हो सकते हैं ये भी हम आपको बताते हैं-
एप्सम सॉल्ट फर्टिलाइजर
ये सबसे आसान फर्टिलाइजर है जिसका इस्तेमाल किया जा सकता है। आपको बस करना ये है कि 1 लीटर पानी में 1 छोटा चम्मच एप्सम सॉल्ट यानी मैग्नीशियम सल्फेट को मिलाएं और इस पानी को करी पत्ते में डालें। इसे आप हर 1.5 महीने में एक बार डाल सकते हैं। ध्यान रखें कि इसे बहुत ज्यादा मत इस्तेमाल करें।
पौधे की प्रूनिंग जरूर करें
आपको करी पत्ते का पौधा अगर हरा-भरा चाहिए तो इसकी प्रूनिंग जरूर करें। मतलब ऊपरी पत्तियों की थोड़ी सी छंटाई। ऐसे में पौधा लंबा होने पर नहीं बल्कि घना होने पर ध्यान देगा और आपको ज्यादा पत्तियां मिलेंगी।
तो ये थे करी पत्ते के पौधे की मेंटेनेंस के कुछ आसान टिप्स। अगर आपको पौधों से जुड़ी कोई अन्य समस्या है जिसके बारे में आप जानकारी चाहें तो हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं। हम उस समस्या का समाधान करने की कोशिश जरूर करेंगे।