Wednesday, March 29, 2023
Homeदेश की खबरेHimachal Pradesh में तेज बारिश के चलते भूस्खलन और बादल फटने...

Himachal Pradesh में तेज बारिश के चलते भूस्खलन और बादल फटने की घटनाएं हुई अब तक 22 मौतें

Himachal Pradesh में तेज बारिश के चलते भूस्खलन और बादल फटने की घटनाएं हुई अब तक 22 मौतें हिमाचल प्रदेश में लगातार तेज बारिश हो रही है। तेज बारिश के चलते भूस्खलन और बादल फटने की घटनाएं हुई हैं। राज्य में भारी तबाही मची है। कई इलाके बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। आलम यह है कि एक ही परिवार के आठ सदस्यों सहित 22 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 6 लोगों के मारे जाने की आशंका है, जो लापता हैं। सबसे ज्यादा नुकसान मंडी, कांगड़ा और चंबा जिले में हुआ है। राज्य में बीते 24 घंटे के दौरान मौसम संबंधी 34 घटनाएं दर्ज की गई हैं। स्कूल-कॉलेज फिलहाल बंद कर दिए गए हैं। लोगों को अलर्ट जारी किया गया है।

Himachal Pradesh

राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के निदेशक सुदेश कुमार मोख्ता ने बताया कि भारी बारिश की वजह से जलजमाव होने के कारण कई सड़कें बंद हो गई हैं। कांगड़ा जिले में भारी बारिश के कारण नूरपुर में कंडवाल के पास चक्की नदी पर बना रेलवे चक्की पुल ढह जाने के बाद पठानकोट और जोगिंदरनगर के बीच ट्रेन सर्विस बंद कर दी गई है।

बंद हुईं 743 सड़कें
मंडी में मनाली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग और शोघी में शिमला-चंडीगढ़ राजमार्ग सहित 743 सड़कों पर ट्रैफिक रोक दिया गया है। उपायुक्त अरिंदम चौधरी ने कहा कि अकेले मंडी में भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन में 13 लोगों की मौत हो गई और छह लापता हो गए। उन्होंने कहा कि लापता लोगों के मारे जाने की आशंका है।

एक परिवार के 8 लोग मलबे में दबे
अधिकारियों ने बताया कि गोहर विकास खंड के काशान गांव में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और पुलिस चार घंटे के लंबे तलाशी अभियान के बाद एक परिवार के आठ सदस्यों के शव उनके घर के मलबे से निकाले गए। भूस्खलन में मकान ढह गया।

Himachal Pradesh

बच्ची का शव मिला, परिवार के 5 सदस्य लापता
डीसी ने कहा कि मंडी-कटोला-प्रसार मार्ग पर बाघी नाले में बाढ़ के बाद उसके घर से कुछ दूरी पर एक लड़की का शव बरामद किया गया था। उसके परिवार के पांच सदस्यों के बह जाने की आशंका है। बादल फटने के बाद कई परिवारों ने बागी और पुराने कटोला क्षेत्रों के बीच स्थित अपने घरों को छोड़ दिया और सुरक्षित स्थानों पर शरण ली।

कार पर हुआ भूस्खलन
आपदा प्रबंधन निदेशक सुदेश कुमार मोख्ता ने कहा कि शिमला के ठियोग में उनकी कार के बोल्डर की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। मोख्ता ने कहा कि चंबा के चौवारी के बनेत गांव में तड़के करीब साढ़े चार बजे भूस्खलन के बाद मकान गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई।
अधिकारियों ने कहा कि कांगड़ा में एक ‘कच्चा’ घर ढह गया, जिसमें नौ साल के बच्चे की मौत हो गई।

Himachal Pradesh

बाढ़ में फंसे 30 लोग निकाले गए
हमीरपुर में अचानक आई बाढ़ में फंसे 30 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मौतों पर दुख जताया है और कहा कि प्रशासन प्रभावित जिलों में युद्धस्तर पर बचाव अभियान चला रहा है।

बिजली-पानी की आपूर्ति ठप
शोघी और तारा देवी के बीच सोनू बांग्ला में भूस्खलन के बाद चंडीगढ़-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग यातायात के लिए अवरुद्ध हो गया। पत्थर लगातार गिर रहे हैं और शोघी-मेहली बाईपास से यातायात को डायवर्ट किया गया है। इस बीच, राज्य के कई हिस्सों में पानी और बिजली की आपूर्ति ठप हो गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular