Joint Pain: जोड़ों का दर्द आजकल एक आम समस्या हो गई है। जोड़ों के दर्द की समस्या शरीर में कैल्शियम और विटामिन डी की कमी के कारण होती है। इसके अलावा थकान, चोट, गठिया और उम्र बढ़ने के कारण भी जोड़ों का दर्द होता है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, देश में हर पांच में से एक व्यक्ति गठिया से पीड़ित है। पहले यह रोग केवल बुजुर्गों में देखा जाता था, लेकिन अब गठिया के लक्षण कम उम्र के लोगों में भी देखने को मिलते हैं। इस रोग से पीड़ित व्यक्ति को चलने फिरने में कठिनाई होती है। उठने-बैठने में भी परेशानी होती है। अगर आप भी जोड़ों के दर्द की समस्या से परेशान हैं तो किचन में मौजूद इन चीजों के सेवन से आपको राहत मिल सकती है। आइए जानते हैं-
प्याज और लहसुन
विशेषज्ञों के अनुसार प्याज और लहसुन के सेवन से जोड़ों के दर्द को दूर किया जा सकता है। इसके लिए लहसुन और सरसों के तेल को गर्म कर लें। अब इसे दर्द वाली जगह पर लगाएं। साथ ही हल्के हाथों से मसाज करें। लहसुन में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो सूजन को कम करने में मददगार साबित होते हैं। वहीं प्याज में दर्द से राहत के लिए जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसके लिए डाइट में प्याज को शामिल करें।
ग्रीन टी
ग्रीन टी सेहत के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इसके सेवन से जोड़ों के दर्द में आराम मिलता है। साथ ही सूजन भी कम होती है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट एपिगैलोकैटेचिन-3-गैलेट (ईजीसीजी) होता है। इससे जोड़ों के दर्द में जल्दी आराम मिलता है। इसके लिए रोजाना सुबह और शाम ग्रीन टी पिएं।
सेब का सिरका
सेब का सिरका वजन घटाने और जोड़ों के दर्द में फायदेमंद साबित होता है। इसमें मैग्नीशियम, पोटेशियम, कैल्शियम और फास्फोरस जैसे कई आवश्यक पोषक तत्व होते हैं। जोड़ों का दर्द भी कैल्शियम की कमी से होता है। सेब के सिरके में कैल्शियम पाया जाता है। इसके लिए एक गिलास गर्म पानी में एक चम्मच सेब का सिरका और एक चम्मच शहद मिलाकर लें। इससे जोड़ों के दर्द में जल्दी आराम मिलता है।